घर की असली ताकत
शांत नगर के एक सुंदर मोहल्ले में परिवार रहता था। परिवार बड़ा था, पर एकजुट – सास- ससुर, दो बेटे, दोनों की पत्नियाँ और चार नन्हें बच्चे। बड़े बेटे की पत्नी रीना स्कूल में अध्यापिका थी और छोटी बहू काजल गृहिणी। दोनों के बीच रिश्ता ऐसा था जैसे सगी बहनों का हो। पर हर घर की तरह इस घर में भी कभी- कभी बाहर से आने वाले लोग अपने शब्दों से दरारें डालने की कोशिश करते।
एक दिन कई सालों बाद परिवार में बुआ सास आईं, यानी ससुर जी की बड़ी बहन सुधा बुआ। उम्र का असर तो था, पर बोलने का अंदाज़ अब भी वही तीखा और टोका-टाकी से भरा। सुबह-सुबह बुआ जी ने देखा रीना जल्दी- जल्दी तैयार होकर घर के छोटे- मोटे काम निपटा रही थी। वो बच्चों के टिफिन चेक कर रही थी, सबकी पानी की बोतलें भर रही थी, और फिर टिफिन बैग में रखती जा रही थी।उधर काजल रसोई में लगी थी। दूध उबलने की आवाज़ के साथ पराठों की खुशबू फैल रही थी। कुछ देर में रीना रसोई में आई, सबका नाश्ता प्लेट में सजाया और सबको परोस दिया। फिर मुस्कुराकर बोली – “माँ जी, बच्चों का टिफिन टेबल पर रख दिया है। मैं निकल रही हूँ।”
काजल बोली “दीदी, आपका डिब्बा?”
“ले लिया प्यारी, अब तुम भी नाश्ता कर लो।”
रीना स्नेह भरी आवाज़ में बोली और ऑफिस के लिए निकल गई।
बुआ जी ने ये सब देखा तो चेहरे पर एक व्यंग्य भरी मुस्कान आ गई। कुछ देर बाद जब काजल सास और बुआ जी के साथ बैठी तो सुधा बुआ बोलीं-“छोटी बहू, तेरी जेठानी तो खूब हुकुम चलाती है। सुबह से देख रही हूँ , तू रसोई में लगी थी और वो बस सबको परोसने का दिखावा कर रही थी। काम सारा तू करे, और वाहवाही वो ले जाए!”
काजल थोड़ा मुस्कुराई, फिर बोली – “ऐसी कोई बात नहीं है, बुआ जी।”
“अरे तू भोली है, पर मैं सब समझती हूँ।”बुआ जी ने कहा, जैसे उन्होंने कोई बड़ा रहस्य पकड़ लिया हो।
काजल ने अब गहरी सांस ली और बोली – “बुआ जी, आपको रीना दीदी का सबको नाश्ता परोसना दिखा, पर शायद ये नहीं दिखा कि उन्होंने मुझे जबरदस्ती बिठाकर नाश्ता करवाया। अगर वो नहीं होतीं, तो मैं तो आज भी भूखी रह जाती। दीदी हमेशा कहती हैं कि ‘काजल, पहले खुद खा ले, वरना ठंडा हो जाएगा।’ वो सुबह मंदिर की सफाई करती हैं ताकि मम्मी जी को पूजा करने में सहजता रहे। ऑफिस जाते वक्त वो बच्चों के स्कूल की कॉपी, पेंसिल तक जांच लेती हैं। और शाम को लौटते हुए सब्जियाँ भी लेकर आती हैं क्योंकि रात में बाजार बंद हो जाता है।”
काजल ने ज़रा रुकी, फिर आगे कहा – “बुआ जी, वो मेरी जेठानी नहीं, मेरी बड़ी बहन हैं। जब मैं थक जाती हूँ, तो वो बच्चों का होमवर्क देख लेती हैं। जब वो परेशान होती हैं, तो मैं उनकी बातें सुनती हूँ। हम दोनों एक-दूसरे का सहारा हैं।”
बुआ जी के चेहरे पर हल्की शर्मिंदगी उभर आई, पर आदतवश उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
शाम को जब रीना ऑफिस से लौटी, उसके हाथों में सब्जियों की थैली थी। उसने मुस्कुराकर वो थैली काजल को थमाई और बोली – “इसमें तेरी पसंद का उपन्यास रखा है, निकाल लेना।”
काजल ने हँसते हुए कहा “थैंक यू दीदी, आपने याद रखा।”
सुधा बुआ ये सब देख रही थीं। उन्होंने रीना को आवाज दी – “बड़ी बहू, इधर आओ।”
रीना बोली-“जी बुआ जी?”
बुआ जी बोलीं -“तुम इतनी मेहनत करती हो, नौकरी भी, घर भी, और ऊपर से ऐसी बेकार चीज़ों पर पैसे खर्च करती हो, किताबें खरीदने का क्या मतलब, वो भी अपनी देवरानी के लिए? घर में बैठी रहती है, वैसे भी फुर्सत में है, क्या करेगी पढ़कर?”
रीना मुस्कुरा दी।
“बुआ जी, घर संभालना कोई आसान काम नहीं होता। सुबह से रात तक काजल एक मशीन की तरह काम करती है। चार बच्चों का टिफिन, मम्मी-पापा की दवाइयाँ, सबकी पसंद का नाश्ता, दोपहर का खाना, फिर बच्चों की पढ़ाई । ये सब बिना किसी शिकायत के करती है। अगर वो न होती, तो मैं ऑफिस में चैन से काम नहीं कर पाती। मेरा ध्यान बार-बार घर पर ही अटकता। पर जब मुझे पता होता है कि काजल घर पर है, तो मैं निश्चिंत होकर अपना सर्वश्रेष्ठ दे पाती हूँ।”
रीना ने आगे कहा- “काजल को पढ़ने का बहुत शौक है, पर वक्त नहीं मिलता। जब भी मैं किताब खरीदती हूँ, तो सोचती हूँ कि अगर उसके मन की बात मैं पूरी नहीं कर पाई, तो बहन कहलाने का हक ही क्या?”
इतना कहकर रीना मुस्कुराती हुई अपने कमरे में चली गई।
पूजा कर रही सास, लता देवी, ये सारी बातें सुन रही थीं। उन्होंने धीरे-धीरे पूजा खत्म की और बुआ जी के पास आकर बोलीं- “जीजी, मेरे घर की असली नींव यही दोनों बहुएँ हैं। एक घर को बाहर की दुनिया से जोड़ती है, तो दूसरी घर को अंदर से थामे रहती है। दोनों अगर साथ न हों, तो यह घर टिक नहीं सकता। मैं तो कहती हूँ, जो घर में एक-दूसरे की कद्र करते हैं, वहाँ सुख अपने आप टिक जाता है।”
सुधा बुआ चुप थीं , पर इस बार उनकी चुप्पी में सोच थी, ताने नहीं।
रात को जब सब डिनर पर बैठे, रीना और काजल दोनों साथ रसोई में थीं। एक रोटी बेल रही थी, दूसरी सेक रही थी। बच्चों की हँसी, बड़ों की बातें और सास की मुस्कान, घर का हर कोना अपनापन बिखेर रहा था।
सुधा बुआ ने पहली बार दोनों को गौर से देखा। रीना के माथे पर हल्की पसीने की बूंदें थीं, और काजल के चेहरे पर सुकून की झलक। बुआ जी ने मन ही मन कहा,“सच में, ये दोनों ही तो इस घर की असली ताकत हैं।”
शिक्षा: घर की मजबूती दीवारों या सजावट से नहीं, रिश्तों की समझ और एक-दूसरे के प्रति सम्मान से बनती है। अगर बहुएँ एक-दूसरे की प्रतिस्पर्धी नहीं, बल्कि सहचरी बन जाएँ, तो घर नर्क नहीं स्वर्ग बन जाता है। हर रिश्ता तभी फलता- फूलता है जब उसमें “मैं” नहीं, “हम” की भावना होती है।
कहानी अच्छी लगे तो Like और Comment जरुर करें। यदि पोस्ट पसन्द आये तो Follow & Share अवश्य करें ।
जय श्रीराम
यह भी पढें……
नये जमाने की बहू….. https://lalittripathi.com/2022/10/30/
इसे तो फ़र्क पड़ेगा alittripathi.com/2022/11/01/
सासू माँ या माँ….. https://lalittripathi.com/2025/05/04/
माँ का आँचल…. https://lalittripathi.com/2023/12/02/
लक्ष्मी जी के पग…. https://lalittripathi.com/2022/10/24/
देवरानी – जेठानी ( बहुएं )… https://lalittripathi.com/2024/06/17/
कड़वाहट …. https://lalittripathi.com/2026/09/23/
सच्चा प्रायश्चित…. https://lalittripathi.com/2023/09/01/
सबसे ज्यादा सुखी कोंन… https://lalittripathi.com/2022/10/28/
सन्तोष की साँस ….. https://lalittripathi.com/2026/05/18/