राधा का पत्र कान्हा के नाम
उद्धवजी की व्रज से वापिस आते वक्त जो दशा थी उसे सिर्फ वो ही जान सकता है जिसने या तो उन्हें इस हाल में देखा हो” या फिर जिन्हें कृष्णभक्ति के आनन्द का थोड़ा भी अनुमान है.
व्रज की रज में धूल-धूसरित, अंग-वस्त्र के ध्यान से परे राधा नाम रटते उद्धवजी मानो रोम-रोम से व्रज-गोपियों का प्रेम-सन्देश हर मथुरावासी को सुना रहे थे
कान्हा ने तो आते ही उद्धवजी को गले से लगा लिया” मानो पूरे व्रज को आज अपने आलिंगन में भर लिया हो..
उद्धव ने आँसुओं से गीला वह पत्र श्रीकृष्ण के चरणों में रख दिया जो श्रीराधे ने स्वयं अपने हाथोंसे अपने साँवरे को लिखा था….
कान्हाजी..!
कान्हाजी, सम्भव है आप तो हमें भूल ही गये होंगे मथुरा की सुन्दर राजकुमारियों के आगे वैसे भी व्रज की ये ग्वालिन कहाँ याद रहनेवाली… वैसे भूल तो हम भी आपको गये हैं” आप से वादा जो किया था….
आपकी मुरली तो हम बिलकुल ही भूल गये केशव ! हाँ, बस, कभी-कभी आपकी तरह पीताम्बर ओढ़कर ‘कदम्ब’ के नीचे मुरली बजा लेते हैं या सच कहें तो ये संयोग नित्य ही हो जाता है….
वैसे तो आपके सर पर सजने वाला मोरमुकुट भी हमें याद नहीं गोविन्द ! हाँ, अपनी गायों और उनके बछड़ों को सजाते वक्त” मोरपंख के अतिरिक्त और कोई रत्न-श्रृंगार याद ही नहीं आता….
आपकी साँवरी-सलोनी मुस्कान तो हमें बिलकुल भी याद नहीं चितचोर! हाँ, किसी को भी… मुसकुराते देख” एक जाना-पहचाना-सा मुखड़ा “अनायास ही आँखोंके सामने आ जाता है....
आपके कजरारे नैनों की चितवन से अब हमें क्या वास्ता साँवरे! हाँ, यमुनाजी के गहरे काले भँवर-जैसे आज भी कुछ इशारा सा करते हैं….
नहीं जाती “माधव ! बस, सावन में सुबह-शाम आपके सजाये झूले पर तो अब हमारी दृष्टि भी ललिता-विशाखा के साथ पहरों उसे निहारते रहते हैं…
साँझ को चलने वाली हवा और कोयल की आवाज भी हमें कुछ याद नहीं दिलाती कान्हाजी! हाँ, बस, हमारे कदम अपने आप ही वृन्दावन की ओर दौड़ जाते हैं…
सच कहें तो हम आपको बिलकुल ही भूल गये हैं मेरे कन्हैया। हाँ, ये कलम तो अपने-आप ना जाने क्या-क्या लिखती जाती है’ आपको भूल चुकी राधा…
(श्री गिरधर गोपाल जी मिश्रा)