बुद्धि का सौदागर
गुजरात के एक छोटे-से गाँव में एक अनाथ लड़का रहता था। उसके माता-पिता बचपन में ही चल बसे थे। गाँव में कमाई का कोई साधन नहीं था, लेकिन वह बहुत बुद्धिमान और समझदार था। उसने अपने पिता से जीवन की कई उपयोगी बातें सीखी थीं।
एक दिन उसने शहर जाने का निश्चय किया। वहाँ उसने किराए पर एक छोटी-सी दुकान ली और बाहर बोर्ड लगा दिया— “बुद्धि का सौदागर—यहाँ बुद्धि बिकती है।”
आस-पास के दुकानदार उसका मजाक उड़ाते। कोई कहता, “अब बुद्धि भी बिकने लगी!” लेकिन लड़का किसी की बात पर ध्यान नहीं देता। वह रोज आवाज लगाता, “आओ साहब! उपयोगी बुद्धि खरीद लो।”
कई दिनों तक कोई ग्राहक नहीं आया। एक दिन एक अमीर सेठ का मूर्ख बेटा वहाँ से गुजरा। बोर्ड देखकर वह दुकान में आया और बोला, “एक पैसे की बुद्धि दे दो।”
लड़के ने एक परची पर लिखा—“जब दो लोग झगड़ रहे हों, तो वहाँ खड़े होकर तमाशा देखना बुद्धिमानी नहीं है।”
सेठ का बेटा खुशी-खुशी घर पहुँचा और परची अपने पिता को दिखाई। सेठ ने पढ़कर कहा, “यह तो सामान्य बात है। तुमने एक पैसा व्यर्थ खर्च कर दिया!”
गुस्से में सेठ बुद्धि के सौदागर के पास पहुँचा और अपना पैसा वापस माँगा। लड़के ने कहा, “मैं पैसा तभी लौटाऊँगा, जब आप लिखकर देंगे कि आपका बेटा मेरी इस सीख का कभी उपयोग नहीं करेगा।”
सेठ ने मजबूरी में ऐसा लिख दिया और पैसा वापस ले लिया।
कुछ समय बाद राजा की दो रानियों की दासियों का बाजार में झगड़ा हो गया। सेठ का बेटा भी वहाँ खड़ा था। बाकी लोग झगड़ा बढ़ता देखकर चले गए, लेकिन सेठ का बेटा अपने लिखित वचन के कारण वहाँ से नहीं जा सका। दोनों दासियों ने उसे गवाह बना लिया।
मामला राजदरबार तक पहुँचा। दोनों रानियाँ चाहती थीं कि वह उनके पक्ष में गवाही दे। बेचारा सेठ और उसका बेटा घबरा गए। वे बुद्धि के सौदागर के पास पहुँचे।
लड़के ने पाँच सौ रुपये लेकर उपाय बताया, “जब राजा के सामने गवाही देने के लिए बुलाया जाए, तो पागल जैसा व्यवहार करना।”
सेठ के बेटे ने वैसा ही किया। राजा ने उसे पागल समझकर दरबार से बाहर निकलवा दिया और उसकी जान बच गई।
धीरे-धीरे बुद्धि के सौदागर की प्रसिद्धि पूरे राज्य में फैल गई। बात राजा तक पहुँची। राजा ने उसे दरबार में बुलाकर पूछा, “क्या तुम मेरे लिए भी कोई बुद्धि बेच सकते हो?”
लड़के ने कहा, “जी महाराज, लेकिन उसकी कीमत एक लाख रुपये होगी।”
राजा ने तुरंत एक लाख रुपये देने की स्वीकृति दे दी। लड़के ने उन्हें एक परची दी, जिस पर लिखा था—“कुछ भी करने से पहले खूब सोच लेना चाहिए।”
राजा को यह सीख बहुत पसंद आई। उन्होंने इसे अपने महल की दीवारों, परदों, बर्तनों और यहाँ तक कि अपने तकिए के गिलाफ पर भी लिखवा दिया।
कुछ समय बाद राजा गंभीर रूप से बीमार पड़े। एक मंत्री ने वैद्य के साथ मिलकर राजा को मारने की योजना बनाई। वैद्य विष मिली दवा लेकर आया। राजा जैसे ही प्याला पीने लगे, उनकी नजर सामने लिखे वाक्य पर पड़ी—“कुछ भी करने से पहले खूब सोच लेना चाहिए।”
राजा रुक गए। उन्होंने दवा को ध्यान से देखा और वैद्य से कई प्रश्न पूछने लगे। राजा की शंका देखकर मंत्री और वैद्य घबरा गए। आखिरकार दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
राजा ने तुरंत दोनों को गिरफ्तार करवा दिया। फिर उन्होंने बुद्धि के सौदागर को दरबार में बुलाया और कहा, “तुमने मुझे ऐसी बुद्धि दी, जिसने आज मेरा जीवन बचा लिया।”
राजा ने उसे बहुत-सा धन पुरस्कार में दिया और अपना मंत्री नियुक्त कर लिया।
शिक्षा:सच्ची बुद्धि वही है, जो सही समय पर सही निर्णय लेने में हमारी सहायता करे। किसी भी काम को करने से पहले सोच-विचार कर लेना जीवन की बड़ी से बड़ी मुसीबत से बचा सकता है..!!
🙏🙏🏾🙏🏿जय श्री कृष्ण🙏🏻🙏🏽🙏🏼